पानीपत के राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित दो प्रमुख स्कूलों और जिला सिविल अस्पताल के ठीक सामने बनाई गई अधूरी जेब्रा क्रॉसिंग अब आमजन, विशेषकर स्कूली बच्चों और मरीजों के लिए बड़ा खतरा बन गई है। पिलर नंबर PR 81–82 के पास सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी को लेकर एक छात्र प्रिंस ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सीपीग्राम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
छात्र प्रिंस ने 12 नवंबर को मौके से ली गई तीन तस्वीरों को सबूत के तौर पर मंत्रालय को भेजा है। इन तस्वीरों से साफ पता चलता है कि सड़क पर बनाई गई जेब्रा क्रॉसिंग पूरी चौड़ाई में नहीं है, बल्कि अधूरी छोड़ दी गई है। इसके अलावा, पैदल यात्रियों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए न तो यहां पेलिकन सिग्नल (रेड लाइट) लगाया गया है, न ही वाहनों को रोकने के लिए स्टॉप लाइन है और न ही आगे स्कूल या अस्पताल होने का कोई चेतावनी बोर्ड दिखाई दे रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच इस व्यस्त मार्ग से सड़क पार करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है।
यह लापरवाही जिस स्थान पर बरती गई है, उसके ठीक आसपास आर्य बाल भारती स्कूल, महर्षि दयानंद बाल गुरुकुल और जिला सिविल अस्पताल स्थित हैं। इन संस्थानों में रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र और मरीज शामिल होते हैं।
शिकायत में की गई ये प्रमुख मांगें:
शिकायतकर्ता ने मंत्रालय से निम्नलिखित महत्वपूर्ण कदम उठाने की मांग की है:
- एनएचएआई के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस की एक संयुक्त टीम मौके का निरीक्षण करे और सड़क की पूरी चौड़ाई के अनुसार मानक तरीके से जेब्रा क्रॉसिंग तैयार करवाए।
- ट्रैफिक सर्वे के आधार पर पेलिकन सिग्नल, स्टॉप लाइन, स्कूल-अस्पताल के चेतावनी बोर्ड, स्पीड कम करने के उपाय किए जाएं, और यदि संभव हो तो सड़क के बीच में पैदल यात्रियों के ठहरने के लिए 'मीडियन रिफ्यूज आइलैंड' बनाया जाए।
- क्रॉसिंग का डिजाइन तैयार करने, उसे स्वीकृति देने, निगरानी करने और अधूरे काम को सही प्रमाणित करने वाले अधिकारियों व इंजीनियरों की भूमिका की जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाए।
- निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले संबंधित ठेकेदार, कन्सेशनर और इंडिपेंडेंट इंजीनियर की जिम्मेदारी तय की जाए।
यह मामला पानीपत में नागरिक सुरक्षा और प्रशासनिक जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।




